home page

घर से लापता युवक का शव खेत में मिला,जांच में जुटी पुलिस

 | 
घर से लापता युवक का शव खेत में मिला,जांच में जुटी पुलिस


बिजनौर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र स्थित आनंदीपुर गांव के खेत में बुधवार को एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दिया है।

मृतक की पहचान 28 वर्षीय हिमांशु त्यागी के रूप में हुई है, जो मंगलवार की देर शाम घर से गांव में घूमने जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।

बुधवार सुबह गांव के लोग जब अपने खेतों की ओर निकले तो उन्हें राजेंद्र सिंह के खेत में स्थित ट्यूबवेल के पास हिमांशु का शव पड़ा मिला। शव खून से लथपथ था, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ आलोक कुमार सिंह और कोतवाल मृदुल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता सतीश त्यागी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

हिमांशु त्यागी अविवाहित था। उसके भाई विवेक त्यागी के अनुसार, हिमांशु पहले गुड़गांव की एक कंपनी में काम करता था और लगभग छह महीने पहले नौकरी छोड़कर खेती के लिए घर वापस आ गया था। परिजनों ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और हत्या के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र