बाथरूम में सुसाइड नोट छोड़ युवक ने तालाब में लगाई छलांग
हमीरपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ कस्बे के जलालपुर रोड स्थित देवलिया देव तालाब में मंगलवार को एक युवक ने कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक की पत्नी को जब बाथरूम में सुसाइड नोट मिला ताे हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस बचाव दल के साथ मौके पर पहुंची और कडी मशक्कत के बाद शव का पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कस्बे के पठानपुरा मोहल्ला निवासी भूपेंद्र राजपूत (31) अपने परिवार के साथ रहता था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को भूपेंद्र जलालपुर रोड स्थित देवलियादेव तालाब पहुंचा और पानी में छलांग लगा दी। भूपेंद्र की पत्नी निधि राजपूत जब बाथरूम में गई तो वहां पड़े एक सुसाइड नोट देख सन्न रह गई। सुसाइड नोट पढ़ने के बाद निधि को तालाब में जाने की जानकारी हुई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सुसाइड नोट में भूपेंद्र ने अपनी जिंदगी में गलत संगत में पड़कर कुछ गलतियां करने का जिक्र किया। उन्होंने अपने माता-पिता की ओर से की गई अच्छी परवरिश का भी उल्लेख किया और अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी।
सूचना पर कोतवाली पुलिस बचाव दल के साथ मौके पर पहुंची और तालाब में खोजबीन शुरू कर दी। करीब 4 घंटे की कडी मशक्कत के बाद भूपेंद्र का शव बरामद कर सकी। पुलिस ने घटना जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र की शादी एक साल पहले हुई थी। उनकी छह महीने की एक बच्ची है। भूपेंद्र घर पर सरिया-सीमेंट की दुकान चलाते थे।
कोतवाल अनूप कुमार ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस सुसाइड नोट और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

