युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
हमीरपुर, 16 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के जरिया थाना अंतर्गत गोहांड में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों के चलते 40 वर्षीय एक युवक ने अपने मकान में साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
राठ क्षेत्र के जरिया थाना अंतर्गत गोहांड कस्बे के निवासी चंद्र प्रकाश ने बुधवार को संदिग्ध अवस्था के चलते अपने मकान में पत्नी की साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब परिजनों ने चंद्र प्रकाश के शव को फांसी के फंदे पर लटकता हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। मृतक के परिजनों में बताया कि मृतक चंद्र प्रकाश मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी कमलेश कुमारी के अलावा पुत्र रितेश, अभिषेक और आरेंश सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया।
पड़ोसियों और रिश्तेदारों का कहना है कि मृतक चंद्र प्रकाश शराब पीने का लती था। शराब पीने की लत के चलते आए दिन उसका पत्नी से झगड़ा भी होता रहता था। मृतक के पड़ोसियों ने बताया कि उनके घर के पास बीच बस्ती में एक शराब की दुकान का संचालन होता है, जिस वजह से मोहल्ले के अधिकतर लोग शराब पीकर घर में लड़ाई झगड़ा करते हैं। वह लोग पर दुकान को हटाने की मांग काफी समय से कर रहे हैं।
जरिया थानाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने बताया कि मृतक व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

