home page

कानपुर मेेें दवा कारोबारी की गला रेतकर हत्या, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखे

 | 
कानपुर मेेें दवा कारोबारी की गला रेतकर हत्या, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखे


कानपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में फ्लैट के अंदर दवा कारोबारी की हत्या कर दी गई। घटना के समय कारोबारी का बेटा और बहू एक पार्टी में गए थे। देर रात घर लौटने पर वारदात की जानकारी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं।

रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में रहने वाले दवा कारोबारी विनीत मनोचा (63) शनिवार रात अपने फ्लैट में थे। उनका बेटा सुबरात पत्नी के साथ पार्टी में गया था। रात करीब 9:38 बजे दोनों के घर से निकलने के बाद करीब 9:46 बजे दो संदिग्ध अपार्टमेंट में दाखिल होते दिखाई दिए। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि उस समय विनीत फ्लैट में मौजूद नहीं थे। आशंका है कि दोनों संदिग्धों के पास फ्लैट की चाबी थी और वे उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे।

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक रात करीब 10:58 बजे विनीत मनोचा वापस अपने फ्लैट में पहुंचे। इसके करीब आधे घंटे बाद रात 11:28 बजे दोनों संदिग्ध अपार्टमेंट से बाहर निकलते दिखाई दिए। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर दोनों की गतिविधियों और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। आज बेटा सुबरात अपनी पत्नी के साथ घर पहुंचा। फ्लैट के अंदर पिता का शव पड़ा मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों में से एक पहले विनीत मनोचा के यहां काम कर चुका है। मृतक के बेटे ने भी फुटेज देखने के बाद एक संदिग्ध की पहचान की है। पुलिस के अनुसार काम को लेकर मृतक और पूर्व कर्मचारी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद को हत्या की वजह से जोड़कर भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर संदिग्धों के आने-जाने का पूरा घटनाक्रम खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही अपार्टमेंट में आने वाले लोगों की जानकारी और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों संदिग्ध किसके संपर्क में थे और वारदात के बाद कहां गए। सीसीटीवी फुटेज के अलावा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्या के कारण और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

एडीसीपी पश्चिम राजेश पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनमें से एक के मृतक के यहां पहले काम करने की जानकारी मिली है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पुलिस टीमें मामले के खुलासे के लिए काम कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप