मऊ में लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष समेत 25 पर मुकदमा, मंत्री ए.के. शर्मा का पोस्टर फाड़ने और भाजपा का झंडा रौंदने का आरोप
मऊ, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ में छात्र हितों के समर्थन में निकाली गई समाजवादी पार्टी की रैली अब कानूनी विवाद में घिर गई है। रैली के दौरान कथित तौर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा का पोस्टर फाड़ने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे को पैरों तले रौंदने के मामले में पुलिस ने गुरुवार काे लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष समेत 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मिथिलेश यादव, उनके सहयोगी सोनू तथा 20–25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने गुरुवार काे बताया कि छात्र समर्थन में निकाला गया जुलूस जब गाजीपुर तिराहा पहुंचा, तब बीच रास्ते में लगे कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के बैनर को कथित रूप से खींचकर फाड़ दिया गया। साथ ही भाजपा के झंडे के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है। एएसपी ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के पास वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शी गवाह और अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनका संकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना उस समय हुई जब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता छात्रों के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। पोस्टर फाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद भाजपा की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र

