home page

अष्टादस महालक्ष्मी मंदिर में चोरी, मां दुर्गा के चांदी के मुकुट और दानपेटी की चाेरी

 | 
अष्टादस महालक्ष्मी मंदिर में चोरी, मां दुर्गा के चांदी के मुकुट और दानपेटी की चाेरी


मऊ, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ के रामपुर थाना क्षेत्र के निधियांव गांव स्थित प्राचीन अष्टादश महालक्ष्मी मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से मां दुर्गा के दो चांदी के मुकुट तथा हनुमान जी के मंदिर में रखी दानपेटी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब मंदिर के पुजारी सरवन यादव प्रतिदिन की भांति पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे।

मंदिर पहुंचने पर पुजारी सरवन यादव ने देखा कि मां दुर्गा के दोनों चांदी के मुकुट अपनी जगह से गायब थे। इसके साथ ही हनुमान जी के मंदिर में रखी दानपेटी भी नहीं मिली। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल आसपास के ग्रामीणों और मंदिर समिति के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। धार्मिक स्थल पर हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुजारी सरवन यादव ने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द खुलासे का दावा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपिताें को गिरफ्तार किया जाएगा। कुछ लाेगाें काे हिरासत में लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र