home page

मथुरा : व्यापारी के बेटे का अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

 | 
मथुरा : व्यापारी के बेटे का अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार


मथुरा, 15 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के राया थाना क्षेत्र में थार सवार बदमाशों ने बुधवार काे हार्डवेयर व्यापारी के बेटे का अपहरण कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने वाले दाेनाें बदमाशाें काे पुलिस ने गुरुवार काे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह जानकारी गुरुवार दोपहर सीओ अनिल कुमार सिंह ने दी है। उन्हाेंने बताया कि कस्बा राया निवासी हार्डवेयर व्यापारी अजय अग्रवाल का बेटा योग्य अग्रवाल बुधवार दोपहर करीब 1 बजे घर से अपने पिता को खाना देने के लिए दुकान जा रहा था। रास्ते में थार सवार दो बदमाशों ने उसका जबरन अपहरण कर लिया और गाड़ी में डालकर ले गए। बदमाशों ने योग्य का फोन बंद कर उसी के नंबर से उसके पिता अजय अग्रवाल को व्हाट्सएप कॉल कर 50 हजार रुपये की फिरौती की मांग की। बुधवार शाम को घटना की सूचना मिलते ही राया पुलिस हरकत में आ गई और पूरे जनपद में नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। बुधवार की रात पुलिस की सख्त चेकिंग से घबराकर बदमाश व्यापारी के पुत्र योग्य अग्रवाल को गाँव अड्डा कारब के समीप छोड़ कर गोवर्धन के रास्ते मगोर्रा क्षेत्र की तरफ भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें लालपुर नहर के पास घेर लिया। थाना मगोर्रा क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-सौंख मार्ग पर हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रजत निवासी नगला टोंटा, थाना मुरसान, हाथरस, मनीष निवासी अल्लेपुर, थाना जमुनापार के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी, दो तमंचे, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार