home page

मथुरा : दो दोस्तों ने पी शराब, विवाद में गोली चलाकर एक ने दूसरे की कर दी हत्या

 | 
मथुरा : दो दोस्तों ने पी शराब, विवाद में गोली चलाकर एक ने दूसरे की कर दी हत्या


मथुरा, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत महोली इलाके में बीती रात शराब के नशे में हुए मामूली विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी है।

गौरतलब हो कि बुधवार की देर रात महोली निवासी विकास उर्फ विशाल और उसका दोस्त रोहतास ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर विकास ने रोहतास पर गोली चला दी। गोली लगने से रोहतास गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग और स्थानीय नागरिक तुरंत घायल रोहतास को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित विकास उर्फ विशाल और उसके साथियों के खिलाफ नामजद तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपित विकास उर्फ विशाल के खिलाफ पहले से ही लड़ाई-झगड़े के तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपित फरार हैं। पुलिस ने आरोपिताें की त्वरित गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार