घर के बंद कमरे में मिला महिला का गला कटा शव, जांच में जुटी पुलिस
मथुरा, 28 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के बाठी गांव में मंगलवार सुबह एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में गला कटा शव उसके ही घर के ऊपरी कमरे में बेड पर मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार महिला घर में अकेली थी। सुबह काफी देर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जांच करने पर पता चला कि घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे, यहाँ तक कि ऊपर वाले कमरे का मुख्य गेट भी भीतर से लॉक था।
इसी दौरान पड़ोसियों ने देखा कि कमरे का एक छोटा दरवाजा खुला हुआ है। पड़ोसी दूसरी छत के रास्ते से होकर अंदर पहुंचे, जहाँ का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। महिला बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी, उसका गला कटा हुआ था और पूरे कमरे में खून फैला हुआ था। मृतका की पहचान बाठी गांव के जाटव मोहल्ला निवासी विजया पत्नी राजपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति राजपाल फरीदाबाद में नौकरी करता है। महिला के दो बेटे हैं, जिनमें से छोटा बेटा आगरा की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
वारदात की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर वरुण मिश्रा और थानाध्यक्ष जैंत सोनू कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर संभव पहलू से इसकी गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के तथ्य सामने आने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना की सच्चाई का खुलासा हो सकेगा।---------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

