मासूम की मौत का मामला, पुलिस ने मौसी को हिरासत में लिया
फिरोजाबाद, 04 जून (हि.स.)। थाना उत्तर क्षेत्र में 6 माह के मासूम तनवीर की बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को मृतक बच्चे की मौसी को हिरासत में ले लिया है। उस पर बच्ची पर हत्या का आरोप है। पुलिस जांच कर कार्यवाही में जुट गई है।
घटना थाना उत्तर क्षेत्र के झील की पुलिया स्थित मोहल्ला कृष्णा नगर की है। बुधवार की रात बच्चे की मां संजना का अपनी बहन वंदना से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान दोनों बहनों की आपसी मारपीट में बच्चे को चोट आई। परिजन मासूम को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के पिता ने भी मौसी वंदना के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बृहस्पतिवार को बताया कि रात में सूचना मिली थी कि कंजर मोहल्ला में एक बच्चे की संदिग्ध मौत हुई है। मां संजना की तहरीर के अनुसार, उसका बहन वंदना से झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और वे पास में सो रहे बच्चे के ऊपर गिर गए। इससे बच्चे को चोटें आईं। परिजन घायल तनवीर उर्फ मुन्ना को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी सिटी का कहना है कि संजना की तहरीर पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी वंदना को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

