फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र के कम्हारी गांव में बीती रात बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई मुन्नीलाल (निवासी चितांग, थाना लालगंज) की तहरीर पर पुलिस ने पति धीरज यादव, सास निर्मला देवी और ससुर रामबली यादव के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार मृतक महिला सुमन की शादी मई 2023 में कम्हारी गांव निवासी धीरज यादव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। भाई ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि सुमन पति के साथ अलग रहती थी और आपसी विवाद के बाद उसने आत्महत्या कर ली।
सूचना पर पुलिस के साथ नायब तहसीलदार अरविंद कुमार पांडेय ने मौके का निरीक्षण किया। मृतका की एक डेढ़ वर्षीय पुत्री है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

