मीरजापुरः कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव
मीरजापुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में चुनार कोतवाली क्षेत्र के रैपुरिया गांव में मंगलवार को 35 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मीरजापुर भेज दिया।
रैपुरिया गांव निवासी राहुल पुत्र मुनक्का सोमवार रात कमरे में चला गया था। मंगलवार सुबह काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में झांककर देखा तो वह छत में लगे कुंडे के सहारे कपड़े के फंदे से लटका मिला। मृतक के बड़े भाई बुल्लू ने पूर्वाह्न करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार राहुल की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। परिजनों ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। राहुल मकान की पेंटिंग समेत अन्य मजदूरी का काम करता था।
कोतवाल विजय शंकर सिंह पटेल ने बताया कि कमरे में युवक का शव फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

