home page

जंगल में पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, पुलिस कर रही जांच

 | 
जंगल में पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, पुलिस कर रही जांच


मीरजापुर, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के तुलसी गांव निवासी 66 वर्षीय मुन्ना लाल यादव का अधकटा शव मंगलवार सुबह तुलसी-डांगर केरी लखनिया जंगल में एक पलाश के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

तुलसी गांव निवासी मुन्ना लाल यादव पशुपालन और खेती-किसानी का कार्य करते थे। वह 11 अप्रैल की सुबह करीब सात बजे घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित अपनी गौशाला में पशुओं को चारा देने के लिए निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। पूरे दिन और रात तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चलने पर परिजनों ने 12 अप्रैल को लालगंज थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। पुलिस उसी आधार पर जांच कर रही थी।

मंगलवार सुबह जंगल में लकड़ी बीनने गए ग्रामीणों ने एक पेड़ से शव लटकता देखा। इसकी सूचना गांव में पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की हालत बेहद खराब थी और कमर के नीचे का हिस्सा गायब बताया जा रहा है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था और केवल कंकाल जैसी स्थिति में बचा था, हालांकि शरीर पर कपड़े मौजूद थे। इस स्थिति को देखकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।

सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजन की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा