home page

सुलतानपुर : खेत के छप्पर में मिला युवक का शव, पुलिस कर रही जांच

 | 
सुलतानपुर : खेत के छप्पर में मिला युवक का शव, पुलिस कर रही जांच


सुलतानपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में सोमवार सुबह एक युवक का शव गांव के निकट सार्वजनिक शौचालय के पास खेत में बने छप्पर में मिला है। मृतक रविवार रात से लापता था, परिजनों के अनुसार तीन दिनों से उसे फोन पर धमकी मिल रही थी।

चांदा कोतवाली क्षेत्र के घूरीपुर गांव निवासी मृतक अमन गौतम (19) पुत्र राम चरन के रूप में हुई है। वह रविवार रात 11 बजे से लापता था। अमन का शव गांव से कुछ ही दूर सार्वजनिक शौचालय के पास खेत में बने छप्पर में मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक गांव के ही एक किसान का ट्रैक्टर चलाता था। मृतक की मां जानकी के अनुसार, पिछले 3 दिनों से उनके बेटे अमन कुमार के पास फोन आ रहा था और उसे धमकियां दी जा रही थीं। यह बात परसों पता चली थी। वह ट्रैक्टर चलाने और धान धोने का काम करता था। मां के अनुसार उसका चाल-स्वभाव बहुत अच्छा था और वह किसी तरह का नशा नहीं करता था। जानकी ने बताया उनके कुल तीन बच्चे हैं। उनके पति और बड़ा बेटा मुंबई में रहते हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने सोमवार को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त