home page

मीरजापुर में हाईवे किनारे मिला अधेड़ का शव, पुलिस कर रही शिनाख्त

 | 
मीरजापुर में हाईवे किनारे मिला अधेड़ का शव, पुलिस कर रही शिनाख्त


मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के थाना लालगंज व देहात कोतवाली की सीमा पर स्थित मिलेट्री कंपाउंड के सामने मीरजापुर-रीवा हाईवे पर सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

हाईवे किनारे बाउंड्री के पास लगभग 45 वर्षीय अधेड़ का शव पड़ा मिला, जो देखने में तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक अरविंद कुमार गुप्ता ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार यदि यह सड़क दुर्घटना होती तो शव हाईवे से करीब 20 मीटर दूर बाउंड्री के पास नहीं मिलता। ऐसे में युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर जांच में जुटी हुई है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा