बारात में विवाद के बाद पिस्टल लूटने वाला युवक गिरफ्तार, हथियार बरामद
मीरजापुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में बारात के दौरान आर्केस्ट्रा को लेकर हुए विवाद में लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भागने वाले युवक को पुलिस ने शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल, कारतूस व खोखा बरामद किया गया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
बुधवार रात बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान कुछ मनबढ़ युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल की लाइसेंसी पिस्टल छीन ली थी। मामले में गुरुवार को प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के पास से इंद्रवार गांव निवासी किरन उर्फ अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से पिस्टल, पांच कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। पुलिस के पहुंचते ही उसके साथी रोहित व अमित भाग निकले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

