साइबर ठगी के मामले में दिल्ली पुलिस ने मीरजापुर से एक आरोपित किया गिरफ्तार
मीरजापुर, 13 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) यूनिट ने करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामले में शनिवार को अदलहाट थाना क्षेत्र के भुइली खास गांव में छापेमारी कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है।
दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक राज किरण ने बताया कि भुइली खास गांव में पीआर ट्रेडर्स के नाम से संचालित एक कंपनी के माध्यम से लोगों के साथ कथित रूप से धोखाधड़ी की जा रही थी। जांच में सामने आया है कि साइबर ठग शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देकर फर्जी मोबाइल एप डाउनलोड कराते थे और फिर उनके साथ वित्तीय धोखाधड़ी करते थे।
दिल्ली निवासी राजीव हजेला ने नवंबर 2025 में लगभग ढाई करोड़ रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद मानसिक आघात के चलते दिसंबर 2025 में उनकी मृत्यु हो गई थी। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम में से लगभग 52 लाख रुपये संबंधित कंपनी के खाते में पहुंचे थे।
मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस की टीम पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में डेरा डाले हुए थी। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भुइली खास निवासी अतहर जमाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम मामले में अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है और साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राज किरण, हेड कांस्टेबल प्रमोद सिंह और कांस्टेबल दीपक शामिल रहे।
-----------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

