सड़क हादसे में मौत के एक माह बाद भी आरोपित नहीं गिरफ्तार, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार
महोबा, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महाेबा जनपद में सड़क दुर्घटना में पति की मौत के एक महीने बाद भी आरोपिताें की गिरफ्तारी न होने से परेशान पीड़िता ने शुक्रवार को एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस पर जानबूझकर मामले में हीला हवाली बरतने का आरोप लगाया है।
जनपद के थाना महोबकंठ क्षेत्र के ग्राम गड़ोरा निवासी रामकुमारी पत्नी शिवराम ने एसपी शशांक सिंह को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके पति शिवराम की जेसीबी की टक्कर से लगभग डेढ़ माह पूर्व दो जून को सड़क दुर्घटना में दुखद मौत हो गई थी। वाहन चालक अमरजीत हादसे को अंजाम देकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। मामले को लेकर 19 जून को कुलपहाड़ थाना रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पीड़िता ने आरोप लगाते हुए बताया कि हादसा हुए लगभग डेढ़ माह से ज्यादा बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हादसे को अंजाम देने वाला वाहन चालक और वाहन तक अभी पुलिस नहीं पहुंच सकी है। पीड़िता ने थाना पुलिस पर जानबूझकर मामले को टरकाने का आरोप लगाते हुए एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी शशांक सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस को मामले में निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

