जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद 4.60 लाख रुपये हड़पने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
महोबा, 23 जुलाई (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में जमीन बेचने के बाद बकाया रकम मांगने पर युवक के साथ गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गुरुवार को एसपी शशांक सिंह को शिकायती पत्र दे न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने पीड़ित को जांच करा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गुरुवार को जनपद के अजनर थाना क्षेत्र के गांव सारंगपुर निवासी युवक कालूराम कुशवाहा पुत्र स्व नाथूराम ने एसपी शशांक सिंह को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने अपनी थुरट मौजा स्थित भूमि को जरूरत को पूरा करने के लिए बेलाताल कस्बा के बजरिया निवासी दिनेश चौरसिया को पांच लाख रूपये में 16 अप्रैल 2024 को इकरारनामा किया था। इकरारनामे के समय विपक्षी ने केवल 40 हजार रुपये दिए। इसके बाद जब रजिस्ट्री कराने की बात आई तो विपक्षी ने कहा कि खाते में पैसे नहीं हैं, नकद दे दूंगा। जिसके विश्वास में आकर उसने 16 जून 2026 को भूमि की रजिस्ट्री भी कर दी।
पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बताया कि 29 जून को जब उसने विपक्षी से शेष रुपयों की मांग की तो दबंग के द्वारा गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। विपक्षी एक दबंग और प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति है, जिससे उसे और उसके परिवार को जान को खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने थाना पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। एसपी शंशाक सिंह ने पीड़ित को मामले की जांच करा समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

