पैरोल पर बाहर आए पति ने पत्नी को त्रिशूल घोंप कर उतारा मौत के घाट
-हत्या के मामले में ही काट रहा उम्रकैद की सजा -12 साल पहले नातिन की कर दी थी हत्या -पत्नी पर खाने में जहर देने की थी शंका
महोबा, 14 सितंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जिले में जेल से पैराेल में बाहर आए कैदी ने खाने में जहर देने की आशंका के चलते पत्नी की निर्ममता से हत्या कर दी। उसने त्रिशूल घोंप कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। सोमवार को पुलिस मृतका के शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। हत्यारोपित कैदी पहले से ही परिवार की नातिन की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है और पैरोल पर जेल से बाहर आया था।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना कुलपहाड़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम रागौलिया बुजुर्ग में आज सोमवार को पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या कर दी गई है। सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम एवं जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया गया है।
एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्राप्त तथ्यों के अनुसार कल्लन रैकवार नामक जो जनपद सतना के जेल में निरुद्ध था , जिसके विरुद्ध नौगांव में अभियोग पंजीकृत है, पैरोल पर बाहर आया हुआ था। अभियुक्त को अपनी पत्नी चंपा द्वारा जहरीला पदार्थ खिलाए जाने का शक था, जिसके चलते उसके द्वारा अपनी पत्नी की हत्या की गई। अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपित कल्लन ने लगभग 12 वर्ष पूर्व 2014 में परिवार की ही नातिन की पत्थर पर पटक कर हत्या की थी, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह मध्यप्रदेश की सतना जेल में बंद था और कुछ दिन पहले ही पेरोल पर बाहर आया था। उसे शक था कि पत्नी ने उसे जहरीला पदार्थ खिला दिया है, इसी के चलते उसने त्रिशूल से हत्या कर दी।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

