पारिवारिक विवाद से परेशान वृद्ध ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
महोबा, 28 जुलाई (हि.स.)। यूपी के महोबा जिले के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के गांव अकठोंहा निवासी राम प्रकाश श्रीवास (65) पुत्र राजाराम श्रीवास ने मंगलवार काे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
परिजनों के अनुसार मृतक राम प्रकाश श्रीवास की बड़ी बहू खुशबू पत्नी स्व गया प्रसाद द्वारा अपने ससुर के विरुद्ध मेंटेनेंस का मुकदमा न्यायालय में चलाया जा रहा है। जिसके चलते मृतक की कुछ कृषि भूमि भी नीलाम हो गई है। जिससे काफी समय से मानसिक तनाव में रह रहा था। मृतक का पुत्र गया प्रसाद आश्रम पद्धति विद्यालय में अध्यापक था। जिसका छह वर्ष पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था। पुत्र की मृत्यु के बाद परिवार में उत्पन्न परिस्थितियों और चल रहे कानूनी विवाद ने वृद्ध को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था। चरखारी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

