महोबा में संदिग्ध हालत में मिला युवती का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
महोबा, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा में मंगलवार को सुनसान इलाके में संदिग्ध अवस्था में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतका का दो माह बाद विवाह होना था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए घटना के जल्द खुलासा की मांग की है।
जिले की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि मंगलवार को जनपद मुख्यालय के सुभाष नगर इलाके में एक सूनसान इलाके में युवती के शव मिलने की सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंच जांच पड़ताल की जा रही है। मृतका की पहचान मुहाल के ही मानिकचंद्र रैकवार की बेटी प्रियंका (19) के रूप में हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
चाचा महेंद्र कुमार के बताया कि मृतका के सिर पर व शरीर में चोट के निशान हैं। उन्होंने पत्थर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मृतका का विवाह तय हो गया था, जिसकी 8 जुलाई को शादी होनी थी। घर पर शादी की तैयारियां चल रहीं थीं।खुशियों भरे घर में मातम पसरा हुआ है। मृतका तीन भाइयों के बीच में इकलौती बहन थी और उसका बड़ा भाई संतोष यूपी पुलिस में सिपाही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

