युवक पर जानलेवा हमला कर दोनों हाथ काटने के मामले दो गिरफ्तार
महोबा, 16 जुलाई (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद मुख्यालय में एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला कर दोनों हाथ काटकर मरणासन्न करने के मामले में दर्ज अभियोग में नामजद दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। भाजपा नेता समेत शेष अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस के द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं घटना में घायल जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर का दिल्ली में उपचार चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
जनपद मुख्यालय से गुजरे कानपुर- सागर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार की देर रात दबंगों ने तेल डलवाने पहुंचे मुख्यालय निवासी जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर को घेरकर धारदार हथियार कुल्हाड़ी से जानलेवा नृशंस हमला कर दिया। हमलावरों ने निर्दयता दिखाते हुए घायल युवक के दोनों हाथ काट दिए थे। जबकि उसके पैरों और सिर में भी गंभीर चोटें आईं थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। सनसनीखेज घटना से इलाके में सनसनी और दहशत एवं भय का माहौल बन गया।
घायल के पिता बाबूसिंह की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता शिवप्रताप सिंह परमार, रोहित बेड़िया , राहुल बेड़िया और दो अज्ञात समेत पांच पर बलवा, जानलेवा हमला सहित अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की।
गुरुवार को मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त जनपद मुख्यालय के समद नगर निवासी नादिर पुत्र असलम उर्फ शमां टेलर को बुधवार की रात गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। एक अभियुक्त रोहित को वारदात की रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अन्य हमलावरों की तलाश में पुलिस टीमों के द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

