home page

प्रयागराज में नकल माफिया की 60 लाख की संपत्ति कुर्क

 | 
प्रयागराज में नकल माफिया की 60 लाख की संपत्ति कुर्क


प्रयागराज, 23 मई (हि.स.)। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस ने शनिवार काे कुख्यात नकल माफिया सोनू सिंह यादव के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि थाना नवाबगंज में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में आरोपी सोनू सिंह यादव के खिलाफ जांच के दौरान यह पाया गया कि उसने अपने आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से संपत्तियां खरीदी थीं।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने ग्राम राजापुर मल्हुआ परगना एवं तहसील सोरांव स्थित दो आराजी संख्या 366 और 367 की कुल 0.2780 हेक्टेयर भूमि में आरोपित के हिस्से की 0.0695 हेक्टेयर जमीन कुर्क कर ली। इस भूमि का क्षेत्रफल लगभग 347.5 वर्ग मीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कुर्क की गई संपत्ति का उपयोग आरोपित ने अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से किया गया था। कुर्की की कार्रवाई धारा 14(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाजविरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत संपन्न कराई गई। पुलिस ने बताया कि आरोपित और उसके सहयोगियों के अन्य चल-अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। यदि और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियां सामने आती हैं तो उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में प्रयागराज पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

---------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल