home page

विजिलेंस ने एलडीए अवर अभियंता समेत तीन लोगों को रिश्वत लेते पकड़ा,7.50 लाख रुपये बरामद

 | 
विजिलेंस ने एलडीए अवर अभियंता समेत तीन लोगों को रिश्वत लेते पकड़ा,7.50 लाख रुपये बरामद


लखनऊ, 01 अगस्त (हि.स.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अवर अभियंता सुपरवाइजर और निजी व्यक्ति समेत तीन लाेगाें को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उनके पास से रिश्वत के 7.50 लाख रुपये बरामद हुए हैं। इन लोगों ने एक व्यक्ति से 15 लाख रुपये की रिश्वत लेने की मांग कर रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर को शिकायत की थी।

शिकायतकर्ता ने बताया था कि, एलडीए के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा उसके द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचकर काम बंद कराने के लिए धमकाया। उससे कहा कि श्रवण कुमार की ओर से आईजीआरएस पर शिकायत की गई है। आप श्रवण कुमार से मिलकर अपना निपटारा कर लो। इसके बाद श्रवण कुमार ने शिकायतकर्ता को राम मनोहर लोहिया, अस्पताल के गेट पर बुलाया और कहा कि मेरी अवर अभियंता से बात हो गई है। यदि आप 15 लाख रुपये देते हैं, तो उसके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जाएगी।

जब वह कार्यालय पहुंचा तो वहां पर उसे अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा व सुपरवाईजर चंद्र प्रकाश दोनों मिले।

अवर अभियंता ने उससे 15 लाख रुपये की मांग की और कहा कि सुपरवाईजर चंद्र प्रकाश से आगे की बात कर लो। सुपरवाईजर चंद्र प्रकाश ने रिश्वत के कुल 15 लाख रुपये सभी को मिलाकर देने का दबाव बनाया।

शिकायतकर्ता ने कहा कि मेरे पास अभी इतने रुपये नहीं हैं और 7.5-7.5 लाख की दो किस्तों में देने की बात शिकायतकर्ता द्वारा कही गयी। शिकायतकर्ता ने अनुरोध किया गया कि वह इन लोगों को पैसे नहीं देना चाहता है और रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है।

इसके बाद मामला दर्ज होने पर शिकायत की गोपनीय जांच की गई। जांच में पाया गया कि अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाईजर चंद्र प्रकाश एवं प्राइवेट व्यक्ति श्रवण कुमार ने मिली-भगत कर आईजीआरएस पोर्टल का दुरुपयोग करते हुए शिकायतकर्ता से रिश्वत की माँग की जा रही है। सभी आरोपितों द्वारा की जा रही रिश्वत की माँग के संबंध में सर्विलांस इत्यादि के माध्यम से भी साक्ष्य जुटाए गए। शिकायत की पुष्टि होने पर विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए

एक अगस्त को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और निजी व्यक्ति श्रवण कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक