home page

मीरजापुरः परचून की दुकान का ताला काटकर 50 हजार रुपये उड़ाए

 | 
मीरजापुरः परचून की दुकान का ताला काटकर 50 हजार रुपये उड़ाए


मीरजापुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में वाराणसी-मीरजापुर मार्ग पर बैकुंठपुर नरायनपुर बस स्टैंड के पास शुक्रवार की रात चोरों ने परचून की दुकान का ताला काटकर कैश बॉक्स में रखे करीब 50 हजार रुपये नकदी और सामान पार कर दिया। चोरों ने बगल की अमूल दूध की दुकान का ताला भी काटने का प्रयास किया, लेकिन लाेगाें की आहट मिलने पर चाेर उसे आधा काटकर छोड़कर भाग निकले।

शनिवार सुबह दुकान पहुंचे संचालक वरुण कुमार जायसवाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अदलहाट थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब दस बजे दुकान बंद कर घर गए थे। शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचे तो दुकान का ताला कटा और दरवाजा खुला मिला। कैश बॉक्स में रखे करीब 50 हजार रुपये गायब थे। शनिवार को व्यापारियों को बकाया भुगतान करना था, इसलिए उन्होंने नकदी दुकान में ही रखी थी।

घटना की जानकारी पर चुनार सीओ गायत्री यादव और अदलहाट थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ ने पुलिसकर्मियों को दो दिन के भीतर घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी मामले की जांच में जुटे हैं। मुख्य मार्ग पर हुई चोरी से स्थानीय व्यापारियों में भय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा