home page

लखनऊ जेल में बंद कारोबारी अवनीश जायसवाल ने की आत्महत्या, बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटका मिला शव

 | 
लखनऊ जेल में बंद कारोबारी अवनीश जायसवाल ने की आत्महत्या, बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटका मिला शव


-प्रेमिका समरीन की मौत के मामले में था जेल में बंद,

-15 अक्टूबर को अदालत में किया था आत्मसमर्पण, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की जिला जेल में गुरुवार सुबह गर्लफ्रेंड समरीन की मौत के मामले में बंद कारोबारी अवनीश जायसवाल उर्फ देव का शव जेल के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसने तौलिए का फंदा बनाकर आत्महत्या की।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल अधिकारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की इस तरह मौत होने से जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

अवनीश जायसवाल सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर में 12 अक्टूबर को हुई 24 वर्षीय समरीन की मौत के मामले में जेल में बंद था। समरीन होटल की दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई थी। उसकी मौत के बाद अवनीश मौके से फरार हो गया था। बाद में समरीन की मां ने अवनीश पर बेटी पर शादी का दबाव बनाने और उसे धक्का देकर नीचे गिराने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने अवनीश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

घटना के बाद जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेल प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी ने बताया कि बंदी अवनीश पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। वह साथी बंदियों से समरीन की मौत को लेकर बातचीत करता रहता था। वह इस घटना को लेकर गहरे सदमे में था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

15 अक्टूबर को किया था अदालत में आत्मसमर्पण

समरीन की मौत के बाद अवनीश घटनास्थल से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। घटना के तीन दिन बाद 15 अक्टूबर को उसने एसीजेएम अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में लखनऊ जिला जेल भेज दिया गया था। तभी से वह जेल में बंद था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा