हिंदू नेता की गोली मारकर हत्या, ड्राइवर समेत दो गिरफ्तार
लखनऊ, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र मे रविवार की देर शाम को हिंदूवादी नेता का शव दुबग्गा के सराय प्रेमराज नगर स्थित छोटी नहर से बरामद हुआ है। उनकी अगवा करके हत्या कर दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने ड्राइवर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने बताया कि मूलरूप से उन्नाव के राजेपुर निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह महाराणा प्रताप चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष और हिंदूवादी नेता थे। वह यहां पर परिवार के साथ पीजीआई के सेक्टर 11 वृंदावन योजना में रहते थे। शनिवार शाम से वह लापता थे।
धीरेंद्र की पत्नी ममता सिंह ने थाना में चालक रवि तिवारी और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस की छह टीमें उनकी तलाश में थी। इसी बीच रविवार देर शाम को नहर में उनका शव मिला है। उनके चालक ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर धीरेंद्र प्रताप का अपहरण कर लिया और उनकी गोली मारकर हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने चालक रवि समेत दो लोगों को हिरासत में लिया हैं। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया गया, जिसमें दो गोली मारी गई है। पहली गोली सिर पर दूसरी गोली दाहिने सीने में लगी है। पुलिस ने कार भी बरामद कर ली है। पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य को एकत्र किया है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि धीरेंद्र प्रताप की हत्या के पीछे उन्नाव में जमीन का विवाद और रुपये के लेन देन की बात सामने आई है। आरोपित ने हत्या की बात स्वीकारी है। पुलिस अब उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगा रही है। ------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

