लखनऊ में अवैध पिस्टल से गोली चली, युवक की माैत
लखनऊ, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फसिटी थानाक्षेत्र में मंगलवार की देर रात को गोली चलने से एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस हादसा और आत्महत्या के बिन्दुओं पर घटना की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बुधवार काे बताया कि महिपाल खेड़ा निवासी शरण यादव (29) मंगलवार की रात को शराब के नशे में घर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वह एक अवैध पिस्टल कही से लेकर आया और पत्नी को दिखा रहा था। उसी दौरान पिस्टल की मैगजीन नीचे गिर गई। इस दाैरान पिस्टल में एक गाेली फंसी रहे गई थी, जिसे वह कनपटी पर सटाकर कह रहा था कि मैगजीन निकल गई है, कुछ नहीं होगा और ट्रिगर दबा दिया। जिससे गोली उसकी कनपटी में लग गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उसे तत्काल सिविल हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल की जांच की। मौके से अवैध पिस्टल व एक खोखा कारतूस को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के बयान दर्ज कर अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

