महिला का शव मिला, युवक हिरासत में
लखनऊ, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ कृष्णानगर थानाक्षेत्र में मंगलवार को एक महिला का शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि एलडीए प्रथम चौकी क्षेत्र में एक महिला का शव मिला। इस सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक, कंट्रोल रूम एवं उच्चाधिकारीगण को अवगत कराते हुए मय पुलिस बल मौके पर पहुंचकर महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से शव का निरीक्षण किया गया, जिसमें मृतका के सिर पर चोट का निशान पाया गया। घटनास्थल पर तत्काल फील्ड यूनिट को बुलाया गया है।
प्रथम दृष्टया आसपास के लोगों से जानकारी करने पर मृतका की पहचान राधा (32) के रूप में हुई है, जो बाराबिरवा के पास सड़क किनारे भोला नाम के व्यक्ति के साथ रहती थी। युवक को हिरासत में ले लिया गया है। पता चला है कि किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था, जिसके कारण यह घटना हुई है। घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर फील्ड यूनिट ने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

