home page

लखनऊ में चाकू मारकर युवक की हत्या, आरोपित फरार

 | 
लखनऊ में चाकू मारकर युवक की हत्या, आरोपित फरार


-दो अलग-अलग क्षेत्र हुई घटनाएं पुलिस मामले की जांच में जुटी

लखनऊ, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थानाक्षेत्र में शनिवार देर रात को दो जगहों पर चाकूबाजी की घटना सामने आई हैं। इस प्रकरण में एक युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई है, जबकि दाे लाेग घायल हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि बीती देर रात शनिवार को अम्बेडकर पार्क के पास एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां जानकारी करने पर पता चला कि रामनगर निवासी रेहान पर गुलाब की बगिाया मौज्जमनगर के रहने वाले उजेफा ने धारदार हथियार से गले पर वार कर दिया। इसमें रेहान गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

सूचना पर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी मय सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्थानीय पुलिस ने परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

इसी तरह सआदतगंज थाना के जेटी चौकी क्षेत्रांतर्गत शनि बेकरी के पास दो व्यक्तियों के मध्य विवाद में एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया है। इस सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटना के संबंध में जानकारी की गई। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि जनपद रायबरेली निवासी आदर्श आलिया एवं राजेश कुमार दोनों शनि बेकरी पर कार्य करते तथा वहीं रहते हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों व्यक्तियों ने अत्यधिक शराब के नशे में किसी बात को लेकर आपस में गाली-गलौज एवं विवाद कर लिया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक