home page

ट्रक से 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

 | 
ट्रक से 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई


ट्रक से 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई


मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहरौरा पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कुल 2212 बोतल शराब के साथ ट्रक को भी सीज कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) के नेतृत्व में थाना अहरौरा पुलिस तथा एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अहरौरा क्षेत्र में एक ट्रक में अवैध शराब रखी गई है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने थाना अहरौरा क्षेत्र के दुर्गाजी पहाड़ी के पास खड़े टाटा ट्रक (वाहन संख्या MH 48 AG 6384) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 1300 बोतल जुबली स्पेशल व्हिस्की (180 एमएल) और 912 बोतल रॉयल ग्रीन प्रीमियम ब्लेंडेड व्हिस्की (180 एमएल) बरामद हुई। इस तरह कुल 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

बरामदगी के सम्बंध में अहरौरा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना अहरौरा पुलिस टीम तथा एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस मामले की जांच कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा