मीरजापुर में 10 हजार की रिश्वत लेते फंसा लेखपाल, फोटोकॉपी दुकान से गिरफ्तार
मीरजापुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार दोपहर सदर तहसील में तैनात लेखपाल सत्येंद्र सिंह बघेल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
खैरा-जिगना क्षेत्र का कार्य देख रहे लेखपाल के खिलाफ जिगना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने घूस मांगने की शिकायत की थी। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। योजना के तहत निजी फोटोकॉपी दुकान पर जैसे ही रिश्वत का लेनदेन हुआ, टीम ने छापा मारकर लेखपाल को मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान फोटोकॉपी दुकान संचालक परमेश्वर कुमार की भूमिका भी संदिग्ध मिली। टीम ने उसे भी हिरासत में लेकर देहात कोतवाली पहुंचाया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम ने साफ किया कि मामले की गहराई से जांच होगी और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी पड़ताल की जाएगी। कार्रवाई में निरीक्षक पतीराम यादव समेत टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

