पुलिस ने पकड़ी 45 लाख की अवैध शराब, तस्करों की तलाश
फिरोजाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले की थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने शनिवार को अंग्रेजी शराब की अवैध तस्करी का खुलासा कर 467 पेटी शराब पकड़ी है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि थाना रामगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि कठफोरी के पास एक संदिग्ध कैन्टर खड़ा है, जिसमें अवैध शराब हो सकती है। सूचना पर थाना रामगढ़ प्रभारी संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंची, जहां कैन्टर को कब्जे में लेकर तलाशी ली । चालक मौके पर मौजूद नहीं था। कुछ समय बाद आसिफ एवं समीर नामक दो व्यक्ति कैन्टर के पास पहुंचे। पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि उन्हें मोबाइल से कैन्टर खराब होने एवं उसे ठीक करने के संबंध में फोन आया था।
तत्पश्चात रामगढ़ पुलिस टीम ने कैन्टर की गहनता से तलाशी ली तो उसमें एक विशेष चैम्बर बना हुआ पाया गया, जिसे प्लास्टिक के पाइपों से इस प्रकार ढका गया था कि चैम्बर दिखाई न दे। पाइप हटाकर चैम्बर खोलकर देखा गया तो उसमें छिपाकर रखी गयी कुल 467 पेटी अंग्रेजी शराब, जो पंजाब राज्य में बिक्री के लिए निर्मित है, बरामद हुई।
सीओ ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये एवं कैन्टर की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इस संबंध में कैन्टर मालिक एवं संबंधित मोबाइल नम्बर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

