home page

मुठभेड़ में दबोचा गया अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपित, पैर में लगी गोली

 | 
मुठभेड़ में दबोचा गया अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपित, पैर में लगी गोली


मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। अधिवक्ता राजीव सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित राजेंद्र सोनकर को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीएसी गेट के पास पुलिस व एसओजी टीम के साथ करीब 10 बजे हुई मुठभेड़ में आरोपित घायल हो गया और मौके से ही पकड़ लिया गया।

बताया जाता है कि शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले अधिवक्ता राजीव सिंह की आरोपित ने सीने से सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी और साथी के साथ फरार हो गया था।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। इसी क्रम में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत मुख्य आरोपित को दबोच लिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक रितेश सिंह ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा