लखीमपुर खीरी में रोडवेज बस ने ऑटो को मारी टक्कर, 8 घायल, 5 जिला अस्पताल रेफर
-दुर्घटना के बाद बस लेकर फरार हुआ चालक, जांच में जुटी पुलिस
लखीमपुर खीरी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सिसैया–ढखेरवा हाईवे पर सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसा में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें पांच को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपित बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो सिसैया चौराहे से सवारियों को लेकर धौरहरा की ओर आ रहा था। दोपहर करीब 1:30 बजे चफरिया तालाब के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में राधा देवी (30) पत्नी कुंजबिहारी, तारा देवी (35) पत्नी तीरथ राम, नैन्सी (13) पुत्री तीरथ राम, कांति देवी (30) पत्नी नरेंद्र कुमार निवासीगण हसनपुर कटौली, सुभाष (22) पुत्र सत्येंद्र कुमार तिवारी निवासी आदर्श नगर धौरहरा, संध्या (8) पुत्री राजेंद्र, शिवांशी (12) व एक अन्य अज्ञात व्यक्ति घायल हो गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, कस्बा चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा भिजवाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नैन्सी, संध्या, तारा देवी, कांति देवी और सुभाष की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शेष 3 घायलों का इलाज सीएचसी में ही चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
हाईवे पर हादसे के बाद कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे पुलिस ने खुलवाया और यातायात सामान्य कराया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद रोडवेज बस का चालक वाहन लेकर फरार हो गया है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर बस की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वाहन का पता चलते ही चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

