लखीमपुर खीरी में 2 इनवर्टर-39 बैटरी के साथ 3 शातिर चोर गिरफ्तार
-सदर पुलिस ने फत्तेपुर गन्ने के खेत के पास से दबोचे आरोपित
लखीमपुर -खीरी, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी की कोतवाली सदर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम फत्तेपुर में उल नदी के किनारे गन्ने के खेत से घेराबंदी कर 3 वांछित शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक डॉ ख्याति गर्ग ने मंगलवार दोपहर बताया कि 13 जुलाई को मोहल्ला शाहपुरा कोठी निवासी काजी सगीर अहमद ने कोतवाली सदर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर धारा 303(2), 306 और 317(2) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी करन (निवासी शिवपुरी), आरिफ (निवासी बेगमबाग) और अतहर अली (निवासी महराजनगर) को धर दबोचा। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 3 बड़े बैटरे, 2 नए इनवर्टर और 36 छोटी-बड़ी पुरानी बैटरियां (कुल 39 नग) बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपिताें को विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

