लखीमपुर खीरी में मोटरसाइकिल व नकदी के साथ 4 शातिर लुटेरे गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में हुई लूट पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में संलिप्त चार शातिर अभियुक्तों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से लूट की दो मोटरसाइकिलें और नकदी बरामद हुई है।
एसएसपी खीरी डॉ ख्याति गर्ग ने सोमवार दोपहर बताया कि थाना फूलबेहड़ पुलिस टीम को क्षेत्र में सक्रिय लुटेरों के मूवमेंट की सटीक सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से वारदात में शामिल चार अभियुक्तों गुफरान पुत्र अशरफ, अमित पुत्र रामसेवक, सूरज पुत्र दयाशंकर और राहुल पुत्र लल्लन को धर दबोचा। पकड़े गए सभी अभियुक्त थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के ही अलग-अलग गांवों के निवासी हैं, जो मिलकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
यह पूरी कार्रवाई थाना फूलबेहड़ में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत दर्ज लूट के एक मामले से जुड़ी है। पुलिस ने इस सफल ऑपरेशन के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल व लूटी गई एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 4,000 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

