खेत देखने गए किसान का चकरोट पर मिला शव, इलाके में सनसनी
लखीमपुर खीरी, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र के मटेहिया ग्राम पंचायत के मजरा बोझवा में बृहस्पतिवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुबह अपने खेत की देखरेख करने गए 46 वर्षीय किसान अर्जुन लाल पुत्र नोखे लाल का शव देर रात खेत के चकराेड पर पड़ा मिला। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बोझवा निवासी अर्जुन लाल बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे अपने खेतों की ओर गए थे। देर शाम तक जब वे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू की। परिजनों और गांव के लोगों ने मटेहिया रेलवे लाइन पार स्थित उनके खेतों के आसपास काफी तलाश की। आखिरकार, देर रात करीब 12 बजे अर्जुन लाल का शव खेत के पास चकराेड पर पड़ा मिला।
घटना की सूचना तुरंत भीरा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए भीरा थाना प्रभारी अमित पांडे ने बताया कि मौत के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

