home page

41 करोड़ के लेनदेन का नोटिस मिलते ही मजदूर के उड़े होश

 | 
41 करोड़ के लेनदेन का नोटिस मिलते ही मजदूर के उड़े होश


- नौकरी दिलाने के बहाने दस्तावेज लेकर खाता खुलवाने का आरोप

- सात करोड़ के टैक्स नोटिस से परेशान पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

मीरजापुर, 14 जुलाई (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव निवासी एक मजदूर के नाम पर कथित रूप से बैंक खाता खोलकर 41 करोड़ रुपये का लेनदेन किए जाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। आयकर विभाग से करोड़ों रुपये के लेनदेन और करीब सात करोड़ रुपये के टैक्स भुगतान का नोटिस मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक समेत जिले के अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

लोकापुर निवासी श्याम बाबू बिंद पुत्र रामलोचन बिंद का आरोप है कि वर्ष 2021 में उनका साला नौकरी दिलाने के बहाने उन्हें गाजियाबाद और फिर दिल्ली ले गया। वहां आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम से बैंक खाता खुलवाया गया। आरोप है कि खाता खुलने के बाद पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए गए तथा खाते में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया गया। नौकरी न मिलने पर वह गांव लौट आए, लेकिन उनके दस्तावेज वापस नहीं किए गए।

पीड़ित के अनुसार करीब तीन वर्ष बाद आयकर विभाग से नोटिस मिला। पहले 21 करोड़ रुपये के लेनदेन की जानकारी दी गई, लेकिन बाद में ऑनलाइन विवरण में यह राशि बढ़कर 41 करोड़ रुपये दिखाई गई। साथ ही करीब सात करोड़ रुपये टैक्स जमा करने का नोटिस भी जारी किया गया।

नोटिस मिलने के बाद श्याम बाबू अपने अधिवक्ता के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

पड़री थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने मंगलवार काे बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पीड़ित से तथ्य जुटाकर जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा