कानपुर पुलिस ने किडनी गिरोह के सदस्य परवेज सैफी को किया गिरफ्तार, नौ लाख रुपये भी बरामद
कानपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के चर्चित किडनी ट्रांसप्लांट गिरोह के मुख्य आरोपी डॉ. अफजल के करीबी परवेज सैफी को पुलिस ने देर रात रावतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर फरार आरोपित को धर दबोचा है। पुलिस ने सैफी के पास से 09 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि यह रकम किडनी तस्करी से हासिल की गयी है। इस गिरफ्तारी का आधार वह वायरल वीडियो बना, जिसमें सैफी और डॉ. अफजल 500 रुपये के नोटों के बीच बैठे थे।
कानपुर नगर के थाना रावतपुर क्षेत्र में प्राइवेट अस्पतालों में अवैध किडनी की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने देर रात एक और आरोपित परवेज सैफी को गिरफ्तार किया है। मेरठ निवासी परवेज सैफी को मिलाकर अब तक नाै आराेपिताें की गिरफ्तारी हाे चुकी है। पुलिस के अनुसार परवेज सैफी एक शातिर अपराधी है और डॉक्टर अफजाल के साथ मिलकर इस अवैध नेटवर्क में लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्टेशन का काम संभालता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परवेज ऑपरेशन से पहले अस्पतालों और आसपास के क्षेत्रों की रेकी करता था। पुलिस सैफी के कब्जे से मिले 9 लाख रुपये काे अवैध किडनी के सौदों से जुड़ी रकम मान कर जांच कर रही है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बुधवार को बताया कि जांच के दौरान वीडियो और ऑडियो साक्ष्य भी मिले हैं। एक ऑडियो में किडनी ट्रांसप्लांट के बाद एक महिला की मौत होने की बात सामने आई है, जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही डोनर और रिसिपिएंट के संबंध में भी पुलिस गहराई से पड़ताल कर रही है।
वहीं, पहले गिरफ्तार आरोपित शिवम से पूछताछ में भी कई नए तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि इस रैकेट में अभी और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिन तक पहुंचने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

