मीरजापुर में महिला के अपहरण की कहानी निकली साजिश, पुलिस को फंसाने के आरोप में छह गिरफ्तार
मीरजापुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र में महिला के कथित अपहरण का मामला पुलिस जांच में फर्जी निकला। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित महिला समेत छह लोगों को रविवार को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार छह मई को दीक्षितपुर निवासी सरिता सिंह पटेल पत्नी सुभाष सिंह पटेल ने थाना अदलहाट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनका अपहरण कर चार दिन तक अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक, सर्विलांस और भौतिक साक्ष्यों की समीक्षा में अपहरण की कहानी असत्य पाई गई।
क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के मुताबिक सरिता पटेल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पुलिस को झूठे मुकदमे में फंसाने और धन उगाही की साजिश रची थी। मामले में सरिता पटेल, अमरदीप, विजय कुमार सिंह, सुभाष, अंकिता और सुनीता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सह-अभियुक्त अमरदीप की निशानदेही पर वह साड़ी भी बरामद की, जिसे सरिता ने पहचान छिपाने के लिए पहना था।
पुलिस जांच में सामने आया कि सरिता पटेल एक इलेक्ट्रॉनिक यू-ट्यूबर है और कुछ मामलों में कार्रवाई से नाराज होकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर खुद को अगवा दिखाने की योजना बनाई। योजना के तहत अमरदीप उसे बाइक से राजगढ़ क्षेत्र तक ले गया, जहां उसने खुद ही हाथ-पैर बंधवाए और घटना को गंभीर दिखाने के लिए पेट्रोल भी मंगाया, ताकि पुलिस के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर धन उगाही की जा सके। मामले में थाना अदलहाट पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

