10 घंटे में बरामद हुआ तीन माह का अपहृत मासूम, जीआरपी ने महिला को दबोचा
मीरजापुर, 24 जुलाई (हि.स.)। जीआरपी मीरजापुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से अपहृत तीन माह के मासूम को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि गुरूवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2/3 स्थित वेटिंग रूम में नूरजहां का तीन माह का पुत्र परवेज सो रहा था। आरोप है कि उसके साथ रह रही मीना देवी निवासी अमोई, थाना कोतवाली देहात, बच्चे को लेकर फरार हो गई। पीड़िता की तहरीर पर जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूछताछ की। पता चला कि आरोपित महिला मगध एक्सप्रेस के एस-4 कोच में बैठकर इटावा की ओर गई है। इसके बाद जीआरपी मीरजापुर ने इटावा जीआरपी से समन्वय स्थापित कर महिला की फोटो और वीडियो साझा किए।
मुखबिर की सूचना पर जीआरपी इटावा ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के अंतिम छोर से आरोपित महिला को तीन माह के मासूम के साथ हिरासत में ले लिया। मीरजापुर से पहुंची पुलिस टीम बच्चे को सकुशल लेकर वापस आई और आरोपित महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि पूरे अभियान में सीसीटीवी फुटेज और पुलिस टीमों के आपसी समन्वय से 10 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे के मिलने पर उसकी मां ने जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

