home page

15 साल पुराने दोस्त ने की कोचिंग संचालक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
15 साल पुराने दोस्त ने की कोचिंग संचालक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार


कानपुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में 31 मई की रात नवाबगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुई कोचिंग संचालक प्रकाश चंद्र गुप्ता की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार काे खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई पेशेवर अपराधी नहीं बल्कि मृतक का 15 साल पुराना दोस्त मोहित द्विवेदी था, जिसने सोने की चेन और ब्रेसलेट हड़पने के लिए सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शुक्रवार को बताया कि एक जून की सुबह कोचिंग संस्थान के भीतर प्रकाश चंद्र गुप्ता का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध मौत जैसा प्रतीत हुआ क्योंकि मृतक के शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान नहीं थे और जेब में रखी नकदी भी सुरक्षित मिली थी। हालांकि पुलिस को घटनाक्रम में कई ऐसे तथ्य मिले जिनसे मामला संदिग्ध लगने लगा।

मामले के खुलासे के लिए डीसीपी सेंट्रल के निर्देशन में पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की कई टीमों को लगाया गया। टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक बुर्का पहने संदिग्ध महिला की गतिविधियां सामने आईं, जो वारदात के समय घटनास्थल के आसपास देखी गई थी। पुलिस ने उसके आने-जाने के रास्तों की बारीकी से पड़ताल की और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया।

जांच में पता चला कि कथित महिला वास्तव में मोहित द्विवेदी था, जिसने पहचान छिपाने के लिए महिला का भेष धारण किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपित ने करीब 15 दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली थी। उसने बुर्का, महिला चप्पल, दस्ताने और अन्य सामान खरीदा था तथा क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की रेकी भी की थी। वारदात की रात वह आईपीएल मैच देखने के बहाने कोचिंग संस्थान में रुका और देर रात अपने दोस्त की हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपित ने अलग-अलग ऑटो और मार्गों का इस्तेमाल कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतक की सोने की चेन और ब्रेसलेट बरामद कर लिया है। पुलिस आयुक्त ने सफल खुलासे पर जांच टीम को 50 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप