home page

कानपुर : ससुराल में दामाद की ससुर और पत्नी ने सिलबट्टे से कूचकर की हत्या, दाेनाें आरोपित हिरासत में

 | 
कानपुर : ससुराल में दामाद की ससुर और पत्नी ने सिलबट्टे से कूचकर की हत्या, दाेनाें आरोपित हिरासत में


कानपुर देहात, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव में दीपावली की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी को ससुराल से विदा कराकर घर ले जाने को लेकर हुए विवाद में ससुर और पत्नी ने मिलकर कथित तौर पर दामाद की निर्मम हत्या कर दी। साेमवार सुबह पुलिस ने आरोपित ससुर और मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

पत्नी काे विदा कराने ससुराल पहुंचा था दामाद

रूरा थाना क्षेत्र के शिवली निवासी 35 वर्षीय रिंकू की शादी करीब 15 साल पहले अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव निवासी शिवनारायण कश्यप (60) की बेटी सुनीता (30) के साथ हुई थी। रिंकू खेतों में मजदूरी व अन्य काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चार बेटे—अमित (12), सुमित (9), ऋतिक (7) और वतन (5) हैं। कुछ दिनों से सुनीता की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, जिसके चलते वह करीब 20 दिन पहले अपने मायके आई हुई थी। दीपावली के मौके पर रविवार को रिंकू अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था।

विवाद बढ़ने पर ससुर ने उठाया खौफनाक कदम

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक रविवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे रिंकू और उसकी पत्नी सुनीता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और हाथापाई तक नौबत आ गई। बीच-बचाव करने आए ससुर शिवनारायण पर भी जब दामाद भड़क उठा और बात बढ़ने लगी, तो गुस्से में आकर ससुर ने घर में रखा सिलबट्टा उठा लिया। आरोप है कि इस दौरान पत्नी ने रिंकू को पकड़ लिया, और ससुर शिवनारायण ने उसके सिर पर ताबड़तोड़ सिलबट्टे से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण रिंकू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के बाद पूरी रात शव घर के अंदर ही पड़ा रहा।

12 साल के बेटे के खुलासे से खुला राज

साेमवार सुबह आरोपित ससुर शिवनारायण ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने घर के अंदर मौजूद लोगों से पूछताछ की, तो मृतक के 12 वर्षीय बड़े बेटे अमित ने पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठा दिया। मासूम अमित ने पुलिस को रोते हुए बताया कि पहले उसके मम्मी-पापा में लड़ाई हुई थी, जिसके बाद नाना और पापा में बहस हुई। नाना ने गुस्से में आकर सिलबट्टे से पापा पर हमला कर दिया और इस दौरान मम्मी ने पापा को पकड़ रखा था, जिससे वे गिर पड़े और फिर दोबारा नहीं उठे।

अकबरपुर कोतवाली के प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी विवाद के दौरान ससुर द्वारा किए गए हमले में दामाद की मौत हुई है। ससुर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर आरोपित ससुर और मृतका पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी