कन्नौज: सरकारी आवास में दंपत्ति की लाशें मिलने से सनसनी,पुलिस कर रही जांच
-नजदीकी रिश्तेदार पर ही घटना मे शामिल होने का एसपी को शक
कन्नौज, 05 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुरानी पीएचसी में बने सरकारी आवास में पति-पत्नी के शव पड़े मिले। पत्नी की लाश तख्त और पति की लाश चारपाई पर पड़ी थी। कमरे में उनकी दो साल की बेटी घायल मिली है। उसके चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। बच्ची को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक की मां पहले पीएचसी में दाई का काम करती थी लेकिन उनकी माैत के बाद भी उनके बेटे संजीव और बहू शिखा सरकारी आवास में रहते थे। इन्हीं दाेनाें के शव मिले हैं।
सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर पास में रहने वाले रिश्तेदार ने अंदर झांककर देखा तो कमरे में दोनों की लाश पड़ी थी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद दंपती के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए। वारदात गुरसहायगंज क्षेत्र की है।
दंपत्ति मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के पखना विहार गांव के रहने वाले थे। पति का नाम संजीव कुमार पुत्र वेदराम और पत्नी का नाम शिखा है जबकि घायल मिली 2 साल की बेटी का नाम वान्या है। दोनों गुरसहायगंज कस्बे के रेलवे रोड स्थित पुरानी पीएचसी में बने सरकारी मकान में रहते थे। ये अस्पताल अब तिर्वा रोड पर नए भवन में शिफ्ट हो गया है।
संजीव की मां किसुमा देवी दाई अस्पताल में प्राइवेट तौर पर दाई (डिलीवरी में नर्सिंग स्टाफ की मदद) का काम करतीं थीं। किसुमा की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसी समय से उनका परिवार अस्पताल में बने मकान में रह रहा था।
एक दरवाजे पर ताला, दूसरा अंदर से बंद था
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी विनोद कुमार ने बताया कि जिस मकान में दम्पति रहते थे, उसमें आने-जाने के लिए 2 दरवाजे हैं। एक दरवाजे में ताला पड़ा है तो दूसरे में अंदर से कुंडी बंद थी। इसलिए किसी बाहरी व्यक्ति के आने की संभावना नहीं है।
मृतक संजीव का रिश्तेदार शिव नाम का लड़का गुरसहायगंज में ही रहता है। सुबह 10 बजे के बाद जब उनके घर का दरवाजा नहीं खुला तो उसने छत पर चढ़कर देखा तो कमरे में उनके शव पड़े दिखाई दिए। फिलहाल इस मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को लगाया गया है। परिवार के लोगों के आने पर पूछताछ की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

