home page

जौनपुर का दूल्हा हत्या कांड : फरार तीन मुख्य आरोपिताें पर अब 50-50 हजार रुपए इनाम

 | 

जौनपुर,(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित खेतासराय थाना क्षेत्र में एक मई को हुए दूल्हा आज़ाद बिंद हत्याकांड में फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपितों पर पुलिस ने इनाम की राशि दोगुनी कर दी है। पहले इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिसे सोमवार को बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह का कहना है कि आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित प्रदीप बिंद पुत्र सोमारू बिंद, निवासी चिकसाँवा, जनपद आजमगढ़, रवि यादव पुत्र कमलेश यादव, निवासी सोंधी, जौनपुर और भोले राजभर पुत्र जियालाल, निवासी जपटापुर, जौनपुर घटना के बाद से लगातार फरार हैं। इनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं ; साथ ही आसपास के जिलों में भी संपर्क साधा जा रहा है।

विदित हो कि एक मई शुक्रवार की रात खेतासराय क्षेत्र में शादी करने जा रहे दूल्हे आज़ाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार किया था, लेकिन तीन मुख्य आरोपित अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के उद्देश्य से इनाम की राशि बढ़ाई गई है। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने भी इन तीनों वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जल्द ही फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। लगातार चल रही छापेमारी करते हुए आरोपितों की घेराबंदी तेज कर दी गई है। सोमवार को पुलिस ने इस घटना में शामिल चार आरोपितों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी घटना में शामिल 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव