नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से 20 हजार रुपये लेने और बंधक बनाकर घरेलू काम कराने का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग
शाहजहांपुर, 08 नवंबर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती से 20 हजार रुपये लेने और बाद में उसे कथित रूप से बंधक बनाकर घरेलू काम कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सदर बाजार थाने में छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, शारीरिक शोषण, मारपीट और जातिसूचक गालियां देने के आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के दोस्तपुर गांव निवासी खुशबू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो फरवरी 2025 को उसे आशा इंटरप्राइजेज की ओर से नौकरी का प्रस्ताव दिया गया था। आरोप है कि शाहजहांपुर के निगोही रोड स्थित गोटिया मंदिर के पास कार्यालय में नौकरी दिलाने और 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने का आश्वासन दिया गया। इंटरव्यू पास कराने के नाम पर उससे 20 हजार रुपये मांगे गए, जो उसने चंद्रभान सिंह को दे दिए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसे बंधक बनाकर रखा गया और उससे कपड़े साफ कराने, नाली की सफाई तथा अन्य घरेलू काम कराए गए। घरवालों से संपर्क करने पर धमकियां दी जाती थीं। आरोप है कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया।
सात अगस्त 2026 को मौका पाकर पीड़िता वहां से निकलकर अपने घर पहुंची। डर और लोकलाज के कारण उसने तत्काल किसी को पूरी जानकारी नहीं दी। यही नही उसके साथ साथ कई अन्य युवतियों के साथ भी धोखाधडी की गई है। शनिवार को पीड़िता सदर बाजार थाने पहुंची और पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने रविवार को बताया की पीड़िता की तहरीर पर चंद्रभान सिंह, रमेश चंद्र यादव, अभिषेक कुमार, गुंजा, रमीता और अर्चना के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

