पुलिस इंस्पेक्टर बनकर करता था साइबर ठगी, गिरफ्तार
झांसी, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में साइबर सेल और बरुआसागर थाना पुलिस ने मंगलवार काे एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को बरुआसागर थाना का इंस्पेक्टर बताकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करता था। आरोपित लोगों को अश्लील वीडियो देखने के नाम पर मुकदमा दर्ज होने और आजीवन कारावास का डर दिखाकर उनसे पैसे ऐंठता था।
एएसपी अरीबा नोमान ने बताया कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय पोर्टल (I4सी) के माध्यम से कर्नाटक के दो पीड़ितों की शिकायत मिलने पर जांच शुरू हुई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्हें बरुआसागर थाने के इंस्पेक्टर राहुल पांडेय के नाम से फोन आया था। कॉल करने वाले ने अश्लील वीडियाे देखने का मामला दर्ज होने और आजीवन सजा का भय दिखाकर क्यूआर कोड भेजा। शिकायत बंद कराने के नाम पर 10-10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
तकनीकी जांच में आरोपित की पहचान मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के टहरका गांव निवासी दीपक खंगार के रूप में हुई। वह बरुआसागर थाना से करीब 20 किलोमीटर दूर रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपित ने थाने में तैनात उपनिरीक्षक राहुल कुमार के नाम का फायदा उठाने के लिए खुद को इंस्पेक्टर राहुल पांडेय बताना शुरू किया, जिससे लोगों को उस पर आसानी से विश्वास हो जाए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित दूसरे लोगों के सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। फोन के दौरान वह यूट्यूब से पुलिस वायरलेस और लैंडलाइन फोन की घंटी की आवाजें चलाता था, जिससे पीड़ितों को लगता था कि वास्तव में थाने से कॉल आ रही है। एएसपी ने बताया कि आरोपित के मोबाइल, बैंक खातों, कॉल डिटेल और डिजिटल लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस पूरे साइबर गिरोह और उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

