home page

सरेराह घर का ताला तोड़कर 10 लाख के जेवर चोरी, जांच में जुटी पुलिस

 | 
सरेराह घर का ताला तोड़कर 10 लाख के जेवर चोरी, जांच में जुटी पुलिस


मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित हिनौता गांव में सोमवार को सरेराह चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

हिनौता निवासी रवीश कुमार शुक्ला ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य सोनभद्र जिले के करगरा गांव स्थित पाही के मकान में एक कार्यक्रम में गए थे। वह सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव में आयोजित सत्यनारायण भगवान की कथा में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर चले गए। दोपहर करीब ढाई बजे लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।

घर के अंदर पहुंचने पर अलमारी, बक्सा और सूटकेस टूटे पड़े तथा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ राजगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा